हॉटन रोड पर जाम से राहत की कवायद, टोटो के लिए वैकल्पिक मार्ग पर बनी सहमति

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 सितंबर आसनसोल। आसनसोल शहर के व्यस्ततम हॉटन रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू होने के बाद टोटो परिचालन को लेकर उत्पन्न परेशानी के समाधान की दिशा में प्रशासन ने पहल शुरू की है। गुरुवार को आसनसोल सर्किट हाउस में इस मुद्दे को लेकर बैठक हुई, जिसमें टोटो चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।बैठक में राज्य की मंत्री एवं आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल, डीसी ट्रैफिक जाधवकर अविनाश भीमराव, आसनसोल नगर निगम के आयुक्त दिलीप मिश्रा समेत टोटो यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि हॉटन रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू होने के बाद टोटो के निर्धारित मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे कई चालक और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। टोटो चालकों ने अपनी समस्या उनके समक्ष रखी थी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस एवं ट्रैफिक अधिकारियों के साथ बैठक कराने की पहल की।विधायक ने स्पष्ट किया कि वन-वे व्यवस्था लागू करने अथवा टोटो के रूट निर्धारित करने का अधिकार उनके पास नहीं है। यह निर्णय पुलिस और ट्रैफिक विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, बैठक में टोटो परिचालन के लिए कुछ वैकल्पिक सड़कों को लेकर प्रारंभिक सहमति बनने की बात उन्होंने कही। इससे यात्रियों की परेशानी कम होने के साथ टोटो चालकों के रोजगार पर भी प्रतिकूल असर नहीं पड़ने की उम्मीद है।बैठक के दौरान अग्निमित्रा पाल ने कोर्ट मोड़ पर आधुनिक और व्यवस्थित बस स्टैंड विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। उनका कहना है कि निर्धारित बस पड़ाव बनने से सड़क के बीच बसों द्वारा यात्रियों को चढ़ाने-उतारने और टोटो के बेतरतीब खड़े होने की समस्या पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इससे हॉटन रोड और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *