न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत जियाजोरी पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बागजोरी परिसर में रविवार को श्री हॉस्पिटल, कुल्टी की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।शिविर के आयोजन में मुखिया प्रतिनिधि श्यामलाल सोरेन ने सक्रिय भूमिका निभाई। उनके साथ फिरोज अंसारी, मोहिउद्दीन अंसारी, अजामुद्दीन अंसारी, सिकंदर अंसारी, विश्वनाथ भंडारी, तबरेज अली सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया।आयोजकों के अनुसार शिविर में अब तक करीब 60 लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है, जबकि कुल 150 लोगों की जांच का लक्ष्य रखा गया है। जांच के दौरान ईसीजी, ब्लड ग्रुप, रक्तचाप और ब्लड शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी।श्री हॉस्पिटल के एडीएम राणा मुकेश ने बताया कि झारखंड में पहली बार हॉस्पिटल की ओर से इस तरह का स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि कई लोगों के पास आयुष्मान कार्ड तो है, लेकिन योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं होने के कारण वे इसका लाभ नहीं उठा पाते हैं। शिविर के माध्यम से ऐसे लोगों को आयुष्मान योजना और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है।मुखिया प्रतिनिधि श्यामलाल सोरेन ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य जांच के साथ सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने भविष्य में पंचायत भवन में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कराने की बात कही।शिविर में श्री हॉस्पिटल की चिकित्सकीय टीम से आरएमओ डॉ. एम.एम. झा, चंडी भंडारी, नेहा और वसुंधरा मौजूद रहीं।
बागजोरी में स्वास्थ्य जांच शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 150 लोगों की जांच का लक्ष्य

