एसआईआर पर सियासत तेज, तरुण गुप्ता ने कांग्रेस से कहा- सवाल उठाने से पहले तथ्यों को समझें

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता ने कांग्रेस और विपक्ष पर एसआईआर को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले संबंधित तथ्यों और नियमों को समझना जरूरी है।तरुण गुप्ता ने कहा कि 26 सितंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त सहित तीनों चुनाव आयुक्तों की बैठक में एसआईआर से संबंधित निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। बैठक के बाद आयोग की ओर से प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं को सार्वजनिक भी किया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को किसी प्रक्रिया पर आपत्ति हो सकती है, लेकिन विरोध दर्ज कराने के लिए संवैधानिक और लोकतांत्रिक माध्यमों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।उन्होंने कांग्रेस से एसआईआर के संबंध में तथ्य सामने रखने की अपील करते हुए कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्धारित संवैधानिक प्रावधानों और नियमों के तहत होता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए।भाजपा नेता ने फॉर्म-6 को लेकर कहा कि एसआईआर के दौरान इसके साथ अतिरिक्त घोषणा-पत्र की व्यवस्था जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग की ओर से इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी स्थिति स्पष्ट की गई है।प्रेस वार्ता में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग, न्यायपालिका और केंद्र सरकार से जुड़े बयानों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर चर्चा करते समय तथ्य और संस्थागत प्रक्रियाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए।वहीं, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील कुमार बावरी ने कहा कि आयोग की कार्यप्रणाली पर किसी को आपत्ति है तो कानून और संविधान में निर्धारित रास्ते अपनाए जा सकते हैं। भाजपा नेताओं ने एसआईआर को लेकर पारदर्शिता और सही जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *