न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर जामताड़ा। अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जामताड़ा पुलिस ने शहर में बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू की है। झारखंड सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर रविवार को जामताड़ा थाना परिसर में उपायुक्त आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से इस व्यवस्था का शुभारंभ किया।नई व्यवस्था के तहत जामताड़ा थाना क्षेत्र के शहरी इलाके को तीन बीट में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बीट की जिम्मेदारी एक पुलिस अवर निरीक्षक को दी गई है, जबकि सहायक अवर निरीक्षक और सशस्त्र बल के जवान उनके सहयोग में तैनात रहेंगे। पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्त के साथ स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायियों से सीधा संपर्क बनाए रखेंगे।बीट-1 कायस्थपाड़ा में टावर चौक, बाजार रोड, पुराना हटिया, हिरासार, मोहूलडंगाल, मालपाड़ा, रेलवे स्टेशन, इंदिरा चौक, दुमका रोड, सिमलगेरिया, धांधरा, समाहरणालय परिसर सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। इसके प्रभारी एसआई सुनील कुमार सिंह और सहायक प्रभारी एएसआई धर्मेंद्र रजक जिसका मोबाइल संख्या 9031634531 हैं।बीट-2 न्यू टाउन के प्रभारी एसआई अभय कुमार तथा सहायक प्रभारी भूषण पंडित जिसका मोबाइल संख्या 9031634532 हैं। इसके अंतर्गत न्यू टाउन, सिनेमा हॉल, गांधी मैदान, आम बागान, सिद्धू-कान्हू चौक, सुभाष चौक, सर्केलडीह और पाकड़डीह शामिल हैं।बीट-3 पालबागान की जिम्मेदारी एसआई लाल बाबू और एएसआई प्रदीप कुमार सिंह को दी गई जिसका मोबाइल संख्या 9031634533 है। इसमें पालबागान, नूर मोहल्ला, पुराना-नया कोर्ट, बुद्धूडीह, सहाना, गायछांद, कोर्ट रोड, जामताड़ा कॉलेज, प्रेमधाम, मिहिजाम रोड, तिलाबाद और चकरी क्षेत्र शामिल हैं।एसपी ने बताया कि बैंक, एटीएम, सीएसपी, आभूषण दुकानों, धार्मिक स्थलों, स्कूल-कॉलेज और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रहेगी। बीट क्षेत्र में बैनर लगाकर पुलिस अधिकारियों के संपर्क की जानकारी भी सार्वजनिक की जाएगी। दुर्गापूजा के बाद मिहिजाम में बीट-4 और बीट-5 शुरू किए जाएंगे। नागरिक संदिग्ध गतिविधियों की सूचना 112 पर दे सकते हैं।
जामताड़ा शहर में बीट पुलिसिंग की शुरुआत, तीन हिस्सों में बंटा थाना क्षेत्र; एसपी बोले-जनसहयोग से अपराध पर लगेगी लगाम

