गांधी मैदान में गूंजा कदमताल, स्वतंत्रता दिवस परेड का डीसी-एसपी ने लिया जायजा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 अगस्त जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जामताड़ा जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को शहर के गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण करते हुए सलामी ली।परेड में जिला पुलिस बल, आईआरबी, होमगार्ड के जवानों के अलावा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्लाटून तथा बैंड पार्टी ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जवानों और स्कूली प्लाटून के अनुशासित कदमताल ने गांधी मैदान में देशभक्ति का माहौल बना दिया।पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने परेड की तैयारियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों की कदमताल, अनुशासन, प्लाटून की व्यवस्था और बैंड पार्टी के प्रदर्शन का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते बेहतर तरीके से पूरा किया जाए।जिला प्रशासन की ओर से गांधी मैदान में मंच, परेड स्थल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य भी जारी है। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।इस अवसर पर एसडीओ अनंत कुमार, डीएसई विकेश कुणाल प्रजापति, डीएसपी नीलम टोप्पो, एसडीपीओ वसीम रजा समेत कई अन्य पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। 15 अगस्त के मुख्य समारोह को लेकर गांधी मैदान में चल रही तैयारियों से समारोह को भव्य और व्यवस्थित बनाने की प्रशासनिक प्रतिबद्धता साफ दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *