न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 अगस्त मिहिजाम। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मिहिजाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित गेट संख्या-1 के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे दो युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा कुमार और विष्णु पंडित के रूप में हुई है। दोनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने गुरुवार को करीब 12 बजे जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को शराब की अवैध तस्करी को लेकर सतर्क किया गया था। इसी क्रम में स्टेशन रोड क्षेत्र में पुलिस की टीम संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान गेट संख्या-1 के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की और उनके सामान की जांच की।जांच के दौरान बैग के अंदर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होते ही पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।थाना प्रभारी के अनुसार, मिहिजाम थाना में शराब तस्करी से संबंधित मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।पुलिस की इस कार्रवाई से शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्टेशन रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
