ट्रक की चपेट में आया साइकिल सवार, इलाज के दौरान मौत

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 13 अगस्त नाला (जामताड़ा)। पलन मोड़ के समीप गुरुवार को सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई। खाली ट्रक की चपेट में आने से साइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर नाला थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान कुंडहित थाना क्षेत्र के लौहाट निवासी निशिकांत पाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, निशिकांत पाल साइकिल से कुंडहित की ओर से नाला की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान पलन मोड़ के पास दुमका से पश्चिम बंगाल की दिशा में जा रहे एक खाली सीमेंट ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इलाज के दौरान उनकी स्थिति बिगड़ गई और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया।नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद पुलिस ने संबंधित ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक का नंबर डब्ल्यूबी 93-3953 बताया गया है, जिसे नाला थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। घटनास्थल पर एएसआई चंदन सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *