मोहनपुर में घर के भीतर फंदे से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से बढ़ा रहस्य

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 अगस्त जामताड़ा। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में शुक्रवार को एक युवक का शव घर के अंदर गमछे के सहारे फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी बीरू तुरी, पिता मानिक तुरी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।बताया जाता है कि शुक्रवार को जब ग्रामीणों को युवक के घर में शव लटके होने की जानकारी मिली तो मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना करमाटांड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई आलम अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया।घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, वहां फंदे की ऊंचाई जमीन से काफी कम थी। इसके अलावा मृतक के शरीर पर खून के निशान होने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण आत्महत्या के साथ-साथ हत्या की आशंका भी जता रहे हैं।घटना के समय मृतक की पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी। बताया गया कि वह किसी काम से बाहर गई हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी ने भी पति की मौत को लेकर हत्या की आशंका व्यक्त की है।फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों, परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *