तेज रफ्तार ट्रेलर ने बुझाया घर का चिराग, 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत; बुटबरिया में पसरा मातम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 अगस्त जामताड़ा। नारायणपुर थाना क्षेत्र के बुटबरिया गांव में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में गांव निवासी 60 वर्षीय चिराउद्दीन अंसारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।बताया जाता है कि चिराउद्दीन अंसारी मंगलवार को किसी काम से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है।पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दुर्घटना किस परिस्थिति में हुई और ट्रेलर की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।इधर, हादसे की खबर मिलते ही चिराउद्दीन अंसारी के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देखते ही परिजन बदहवास होकर रोने लगे। उनकी चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्ती से पालन की मांग की। हादसे के बाद बुटबरिया गांव में देर तक मातमी सन्नाटा पसरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *