न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 अक्टूबर जामताड़ा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की नेत्री रूपी सोरेन के निधन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। उनके निधन के बाद जामताड़ा स्थित झामुमो जिला कार्यालय में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अगुवाई पार्टी के जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने की।शोकसभा में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने रूपी सोरेन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद सभी ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और संबल मिलने की कामना की।जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके जाने से झामुमो परिवार ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया, जिनका सामाजिक सरोकार और पार्टी के प्रति समर्पण लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा संगठन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके परिवार के साथ खड़ा है।शोकसभा के दौरान नेताओं ने रूपी सोरेन के सामाजिक जीवन और उनके योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके आदर्श और विचार हमेशा लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।मौके पर सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, प्रो. कैलाश प्रसाद साव, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष सगीर खान, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल, केंद्रीय समिति सदस्य आनंद टुडू, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मेरी मरांडी, डोली बसकी, माखोनी हेंब्रम, अमन रजा, तनवीर आलम, बासुदेव मरांडी, आलम अंसारी, रिजवान शेख, विजय राउत, चंद्रदीपा पंचायत के मुखिया देवीषण हांसदा, इम्तियाज अंसारी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर को हुआ था।
रूपी सोरेन के निधन से झामुमो में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
