न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 अक्टूबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र संख्या-9 के भाग संख्या 322 और 323 में दस्तावेज जमा करने को लेकर उत्पन्न भ्रम पर प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया है कि पहले जमा किए गए दस्तावेजों का सूची से मिलान कर सत्यापन करें और जिन मतदाताओं ने कागजात पहले ही जमा कर दिए हैं, उनसे दोबारा दस्तावेज नहीं लें।मामला दोनों भागों के कुल 464 मतदाताओं से संबंधित है। भाग संख्या 322 में 168 और भाग संख्या 323 में 296 मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी दस्तावेज जमा करने के लिए बीएलओ के माध्यम से नोटिस दिया गया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से बड़जोड़ा पंचायत भवन में विशेष शिविर लगाया गया। भाग संख्या 322 के लिए 18 सितंबर तथा भाग संख्या 323 के मतदाताओं के लिए 19 सितंबर को शिविर आयोजित किया गया था।शिविर में संबंधित मतदाताओं ने नोटिस के आधार पर आवश्यक दस्तावेज जमा किए थे। इसके बावजूद 10 अक्टूबर को बीएलओ को मिली सूची में इन मामलों में अपेक्षित शुद्धिकरण नहीं दिखने के बाद कुछ मतदाताओं से फिर से कागजात मांगे जाने लगे। इससे मतदाताओं के बीच असमंजस की स्थिति बन गई।मामले की जानकारी शहरडाल पंचायत के मुखिया सुखेंद्र टुडू को मिली। उन्होंने संबंधित बीएलओ से स्थिति की जानकारी लेने का प्रयास किया। हालांकि, स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के बाद उन्होंने मामले को प्रशासन के समक्ष उठाया।एसडीओ अनंत कुमार ने कहा कि बीएलओ को प्राप्त सूची की जांच कर पूर्व में जमा दस्तावेजों से उसका मिलान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले कागजात जमा कर चुके मतदाताओं को दोबारा परेशान करने की आवश्यकता नहीं है। केवल उन्हीं मतदाताओं से दस्तावेज लिए जाएंगे, जिन्होंने दूसरे नोटिस के बाद भी अब तक अपने कागजात जमा नहीं किए हैं। प्रशासन के इस निर्देश के बाद संबंधित मतदाताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
एसडीओ का स्पष्ट निर्देश: पहले जमा कागजात फिर नहीं मांगें, सूची का करें मिलान
