दीपों की चमक, रंगोली की छटा और छठ की आस्था से सजा सेंट एंथोनी विद्यालय, विद्यार्थियों ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर जामताड़ा। दीपावली के उत्साह, भारतीय संस्कृति की विविधता और पारंपरिक त्योहारों की महत्ता को एक मंच पर साकार करते हुए शनिवार को सेंट एंथोनी विद्यालय की मुख्य एवं नई शाखा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की सीसीए गतिविधियों के तहत आयोजित इस विशेष आयोजन में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, कलात्मक कौशल और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।कार्यक्रम के दौरान कार्ड मेकिंग, दीया सजावट और रंगोली निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं ने समारोह को खास आकर्षण प्रदान किया। वहीं काली पूजा, भाई दूज और छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाते हुए छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय परंपराओं की खूबसूरत झलक पेश की। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर उत्सवी रंग में रंग गया।कक्षा आठवीं से दसवीं तक आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में विवेकानंद हाउस ने अपनी कलात्मक प्रस्तुति के दम पर पहला स्थान हासिल किया। विद्यासागर हाउस दूसरे स्थान पर रहा, जबकि मदर टेरेसा और आर्यभट्ट हाउस ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के मुख्य संरक्षक एवं शिक्षाविद् डॉ. दुर्गादास भंडारी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन से अज्ञान और अंधकार दूर कर ज्ञान एवं सकारात्मकता अपनाने का संदेश देती है।विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने के साथ अपनी प्रतिभा को नए आयाम देने की सीख दी। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। वहीं प्राचार्य लारेब खान ने प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर विजन-ई की सचिव अपर्णा भंडारी, उपप्राचार्य उत्पल मंडल, रिंकू घोष, दीनबंधु सिंह, रतना पाल, पायल मंडल, अनीश रंजन, रिया माजी, विशाल साव और रोनित विश्वास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *