न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर जामताड़ा। डीएन हाई स्कूल जामताड़ा में दीपावली की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक उल्लास, देशभक्ति और भारतीय परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। दीपों की जगमगाहट और आकर्षक रंगोलियों के बीच ‘एक दीया देश के नाम’ कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके तहत शिक्षकों एवं अभिभावकों ने लगभग 500 दीप प्रज्वलित कर सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जाहिर की।रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 10 के गणेश मरांडी, सुजीत मुर्मू और ओंकार यादव की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 9 के प्रेम दत्ता, लक्ष्मण मंडल, राजीव हेम्ब्रम एवं तनिशी ओझा की टीम दूसरे स्थान पर रही। कक्षा 5 की उमा कुमारी और किरण कुमारी को तीसरा पुरस्कार मिला। वहीं कक्षा 8 के अंकुश चौधरी, रंजीत कुमार यादव, वर्षा कुमारी, सुमन कुमार यादव एवं निमिषा कुमारी तथा कक्षा 7 की लक्ष्मी कुमारी, दिव्या कुमारी, मुनिका मरांडी और आर्या कुमारी को भी सम्मानित किया गया।सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कक्षा 8 के विद्यार्थियों ने नशामुक्ति पर आधारित एकांकी के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। छोटे बच्चों ने रामायण के प्रसंगों का जीवंत मंचन किया। कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने छठ गीतों से लोक संस्कृति की छटा बिखेरी, जबकि कक्षा 10 ने ‘सजा दो घर को दुल्हन सा’ गीत के माध्यम से अयोध्या में भगवान श्रीराम के स्वागत का दृश्य प्रस्तुत किया।ऋषभ राज और कार्तिक कुमार ने हरिओम पवार एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं का सस्वर पाठ कर देशभक्ति का भाव जगाया।विद्यालय निदेशक प्रदीप कुमार भैया ने कहा कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान और सद्भाव का प्रकाश अपने भीतर जगाने का संदेश भी देती है। समारोह में अभिभावकों के लिए खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम का संचालन वसुंधरा कुमारी ने किया।आयोजन को सफल बनाने में जितेन कुमार पाल, सूरज विश्वास, सुनीता मरांडी, चांदनी सेन, मामोनी दे, राजू दास, रूमपा दे, यमुना राय, दयमंती कुमारी, निकी सिंह एवं लक्ष्मी भट्टाचार्जी की सराहनीय भूमिका रही। मौके पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद थे।
डीएन हाई स्कूल में दीपोत्सव की धूम, 500 दीप जलाकर वीर सैनिकों को किया नमन
