न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर चित्तरंजन। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में शनिवार, 7 नवंबर को भारत स्काउट एवं गाइड का स्थापना दिवस उत्साह, उमंग और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विविध जागरूकतापरक एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, सहयोग, आत्मनिर्भरता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या टेक धारनी ने स्काउट एवं गाइड आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बेडेन-पावेल तथा लेडी ओलाव बेडेन-पावेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके पश्चात स्काउट-गाइड ध्वज को सम्मान दिया गया और विद्यार्थियों ने निर्धारित प्रतिज्ञा के माध्यम से सेवा एवं समर्पण के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्काउट एवं गाइड आंदोलन के मूल सिद्धांतों, उसके गौरवशाली इतिहास तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में इसकी भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्हें बताया गया कि जरूरतमंदों की सहायता, आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव और विपरीत परिस्थितियों में धैर्य एवं साहस बनाए रखना इस आंदोलन की महत्वपूर्ण पहचान है। विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।इस मौके पर प्राचार्या टेक धारनी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड महज पाठ्येतर गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण बनाने का सशक्त माध्यम है। यह बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सेवा संस्कार और दूसरों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे किताबी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों को भी अपने जीवन में स्थान दें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड प्रभारी अमित कुमार सेन समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन पर सभी ने समाज एवं राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्रसेवा का संदेश प्रमुखता से देखने को मिला।
सेवा, अनुशासन और समर्पण का संदेश लेकर मना स्काउट-गाइड स्थापना दिवस, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रसेवा का संकल्प
