आसनसोल में 80 हजार करोड़ के निवेश की सुगबुगाहट, वेदांता लगाएगा एल्युमिनियम प्लांट और पावर प्रोजेक्ट

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 30 अक्टूबर आसनसोल। कभी कोयला और औद्योगिक गतिविधियों के दम पर देश के औद्योगिक नक्शे पर खास पहचान रखने वाला आसनसोल एक बार फिर बड़े औद्योगिक बदलाव की दहलीज पर खड़ा नजर आ रहा है। वेदांता समूह की ओर से यहां करीब 70 से 80 हजार करोड़ रुपये के निवेश से एल्युमिनियम कारखाना और बिजली संयंत्र स्थापित करने के प्रस्ताव ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है।जानकारी के अनुसार, वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान आसनसोल में बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट की स्थापना को लेकर चर्चा हुई। प्रस्तावित योजना के तहत एल्युमिनियम उत्पादन इकाई के साथ पावर प्लांट भी स्थापित किया जा सकता है।इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारा गया तो करीब 10 हजार लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है। इसके अलावा निर्माण, परिवहन, आपूर्ति और छोटे-बड़े सहायक उद्योगों को भी नई गति मिल सकती है। इससे आसनसोल, रानीगंज और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।हालांकि, फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चरण में है। वेदांता के पास आसनसोल में लगभग 300 एकड़ जमीन होने की जानकारी है, लेकिन परियोजना के लिए अतिरिक्त भूमि, पानी, कोयला और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत होगी। अंतिम निर्णय व्यवहार्यता अध्ययन और सरकारी मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। राज्य सरकार ने इस दिशा में सहयोग का भरोसा दिया है।गौरतलब है कि आगामी 5 नवंबर को राज्य की नई औद्योगिक नीति जारी होने की संभावना है। सब कुछ अनुकूल रहा तो अगले तीन वर्षों में परियोजना का काम शुरू हो सकता है। अब आसनसोल की निगाहें इस प्रस्ताव के हकीकत बनने पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *