बच्चों के निवाले में मिले कीड़े, अंडाल के आंगनबाड़ी केंद्र में मचा हड़कंप, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अक्टूबर अंडाल। नौनिहालों को कुपोषण से बचाने और बेहतर पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल प्रखंड अंतर्गत खांद्रा ग्राम पंचायत के सिंडुली स्थित 240 नंबर आईसीडीएस केंद्र में बच्चों के लिए आपूर्ति किए गए चावल और दाल में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय अभिभावकों में नाराजगी है और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, केंद्र की सहायिका ज्योत्स्ना बाउरी की नजर चावल और दाल में मौजूद कीड़ों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इस खाद्य सामग्री को बच्चों को परोसने से रोक दिया। सहायिका का कहना है कि संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने के कारण बच्चों को वह भोजन नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की मुख्य शिक्षिका अक्सर अनुपस्थित रहती हैं, जिसके चलते उन्हें ही केंद्र की अधिकांश जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। खाद्य सामग्री की आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता को लेकर उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं रहती।मामले की जानकारी मिलने पर आसनसोल जिला भाजपा के मंडल-3 अध्यक्ष इंद्र सेन केंद्र पहुंचे। उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि सहायिका से पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने पूरे प्रकरण का वीडियो साक्ष्य सहित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही। साथ ही मांग की कि बच्चों के लिए भेजी जाने वाली खाद्य सामग्री में कीड़े मिलने के मामले की निष्पक्ष जांच हो और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।इस संबंध में केंद्र की प्रभारी शिक्षिका और ब्लॉक प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आ सका है। अब सवाल यह है कि बच्चों के पोषण के लिए आवंटित खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द जांच कर व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *