देशभक्ति के रंग में रंगा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन, छात्र-छात्राओं ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 अगस्त चित्तरंजन। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा।समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की प्राचार्या टेक धारनी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। ध्वजारोहण के बाद विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अभिभावकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। तिरंगे के सम्मान में सभी ने एकजुट होकर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ, भाषण, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन की उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने जमकर सराहना की।इस अवसर पर प्राचार्या टेक धारनी ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक बनने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर विद्यार्थियों को देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।कार्यक्रम का संचालन पायल राय एवं नूतन कुमारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सुदेशना कर सरखेल ने प्रस्तुत किया। समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ शिक्षणेत्तर कर्मचारी भी उपस्थित रहे।स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *