बाराबनी में विकास को मिली रफ्तार, पुनर्वास कॉलोनी और नए ICDS भवन का हुआ उद्घाटन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 14 सितंबर बाराबनी। बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत हुई। चरणपुर हाटतला न्यू कॉलोनी में पुनर्वास कार्य का शुभारंभ किया गया, जबकि मदनमोहनपुर गांव में करीब 12.50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आईसीडीएस भवन का उद्घाटन हुआ। दोनों कार्यक्रमों में स्थानीय ग्रामीणों के साथ भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।चरणपुर में ईसीएल के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के उद्देश्य से न्यू कॉलोनी में काम शुरू किया गया है। भाजपा आसनसोल संगठनात्मक जिले के कार्यकारी सदस्य सुजीत मंडल ने बताया कि ईसीएल की ओर से राज्य सरकार के माध्यम से बीडीओ कार्यालय को राशि उपलब्ध कराई गई थी। आवश्यक टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब निर्माण कार्य धरातल पर उतर गया है।इसके बाद मदनमोहनपुर में नए आईसीडीएस केंद्र का उद्घाटन किया गया। सुजीत मंडल ने कहा कि लंबे समय से गांव में आईसीडीएस केंद्र के लिए बेहतर भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी। पहले प्राथमिक विद्यालय के निचले हिस्से में सीमित जगह में केंद्र संचालित हो रहा था। शिक्षकों और स्थानीय लोगों की मांग को विधायक अग्निमित्रा पॉल के समक्ष रखा गया, जिसके बाद विधायक निधि से नए भवन की पहल हुई।उन्होंने कहा कि मदनमोहनपुर में विकास की यह शुरुआत आगे भी जारी रहेगी। गोआला बाउरी पाड़ा और कड़ा पाड़ा होते हुए चोराडांगा ब्रिज स्थित शिव मंदिर तक विद्युतीकरण की योजना है। इसके अलावा गांव के श्मशान स्थित शिव मंदिर के पास विधायक निधि से अटचाला तथा आईसीडीएस केंद्र के पीछे उप-स्वास्थ्य केंद्र निर्माण की भी योजना प्रस्तावित है।कार्यक्रम में सुजीत मंडल समेत स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *