न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 12 सितंबर आसनसोल। अवैध टोटो के कथित बढ़ते परिचालन के विरोध में दोमहानी बाजार से आसनसोल के बीच चलने वाली मिनीबस सेवा बंद कर दी गई। बस मालिकों और कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन की रोक के बावजूद बाहरी इलाकों के टोटो मुख्य मार्ग पर बेरोकटोक चल रहे हैं। इससे मिनीबसों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल रहे और परिचालन करना आर्थिक रूप से मुश्किल हो गया है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर मिनीबस एसोसिएशन के सदस्यों ने दोमहानी बाजार में प्रदर्शन किया।एसोसिएशन के सदस्य सायन अख्तर उर्फ बिट्टू ने आरोप लगाया कि दोमहानी क्षेत्र के स्थानीय टोटो से उन्हें कोई खास परेशानी नहीं है। उनका कहना है कि कालना, बाराबनी गेट, कालीपहाड़ी, चांदा, निंगा, नियामतपुर और रेलपार सहित विभिन्न क्षेत्रों से टोटो आकर तड़के ही आसनसोल तक यात्रियों को ले जाने लगते हैं। उनके मुताबिक, मनमाना किराया वसूले जाने के कारण भी मिनीबसों पर असर पड़ रहा है।उन्होंने सवाल उठाया कि जब मिनीबस चालकों के लिए लाइसेंस और वैध कागजात अनिवार्य हैं, तो बिना निर्धारित अनुमति चलने वाले टोटो मुख्य सड़क पर कैसे संचालित हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में स्पष्ट कार्रवाई की मांग की।एक बस चालक ने बताया कि वे सुबह पांच बजे ड्यूटी शुरू करते हैं, जबकि टोटो चालक उससे पहले ही यात्रियों को उठाने लगते हैं। लंबे समय तक ड्यूटी करने के बावजूद खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है। चालक ने टोटो चालकों के साथ विवाद और मारपीट का आरोप भी लगाया।बस मालिकों और चालकों ने साफ कहा कि जब तक प्रशासन टोटो और मिनीबस परिचालन को लेकर स्थायी व्यवस्था नहीं करता, वे सेवा शुरू नहीं करेंगे। मिनीबस बंद होने से दोहामनी, विधान और कोलफील्ड क्षेत्र के यात्रियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।पुलिस की ओर से बस सेवा बहाल करने की अपील की गई है, लेकिन बस मालिक फिलहाल अपनी मांगों पर कायम हैं।
टोटो के खिलाफ मिनीबस मालिकों का मोर्चा, दोमहानी-आसनसोल रूट पर सेवा बंद होने से यात्री बेहाल

