मेसी और यमाल का किस्सा सुनाकर पार्षद विष्णु देव मुर्मू ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह, 32 टीमों के बीच फुटबॉल का रोमांच

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अक्टूबर मिहिजाम। कोड़ापाड़ा स्कूल मैदान में शनिवार को एएमएस क्लब कोड़ापाड़ा, मिहिजाम की ओर से एक दिवसीय रात्रिकालीन पेनाल्टी शूटआउट नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन वार्ड संख्या एक के पार्षद विष्णु देव मुर्मू ने गोलपोस्ट का फीता काटकर एवं टॉस कर किया। इससे पहले मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विष्णु देव मुर्मू ने विश्व फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी और युवा स्टार लामिन यमाल से जुड़ा एक रोचक प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि फुटबॉल में प्रतिभा के साथ मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी है। खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को खेल के माध्यम से बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।वहीं, सेवानिवृत्त शिक्षक महेंद्र टुडू ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला नीचे पाड़ा अमोई और बानर सेना मिहिजाम के बीच खेला गया। क्लब के सचिव अजीत टुडू, अध्यक्ष लखींदर सोरेन एवं कोषाध्यक्ष राकेश हेंब्रम ने बताया कि टूर्नामेंट में 32 टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।मौके पर अरविंद सिंह, सुबोध हांसदा, सामूएल मुर्मू, सुनील टुडू, माझी हड़ाम सुरेंद्र सोरेन, नवल किशोर सिंह एवं रबिलाल टुडू सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *