मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की निगरानी को प्रशासन सख्त, 30 जून से जागरूकता अभियान और सोशल मीडिया ड्राइव का आगाज़

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जून 2026 जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम को सफल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर पूरे जिले में कार्यक्रम की नियमित निगरानी के लिए विधानसभा एवं प्रखंड स्तर पर वरीय और नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी 30 जून से 7 अक्टूबर 2026 तक बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा वॉलंटियरों द्वारा किए जा रहे कार्यों का सतत पर्यवेक्षण करेंगे।निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 30 जून को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की पहली बैठक आयोजित होगी। इसके साथ ही मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक पुनरीक्षण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी। जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा तथा नाला विधानसभा क्षेत्र के लिए परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज को वरीय पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं सभी छह प्रखंडों के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारी नामित किए गए हैं, जिन्हें नियमित क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इधर, मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 30 जून को जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक दो घंटे का विशेष सोशल मीडिया अभियान भी संचालित होगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक योग्य मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें।उपायुक्त ने शिक्षा विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के सभी उच्च विद्यालयों, प्लस-टू विद्यालयों और महाविद्यालयों में गठित यंग वोटर, फ्यूचर वोटर (ईएलसी) के माध्यम से 29 जून को विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में छात्रों को एसआईआर की प्रक्रिया, घर-घर गणना अभियान, नए मतदाता पंजीकरण, निर्वाचन आयोग की प्रचार सामग्री, पोस्टर, वीडियो और अन्य सूचना सामग्री से अवगत कराया जाएगा। साथ ही कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर निर्धारित समय पर जिला निर्वाचन शाखा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।सोशल मीडिया अभियान के दौरान प्रतिभागियों से फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और यूट्यूब सहित विभिन्न प्लेटफॉर्म पर #JharkhandSIR हैशटैग के साथ पोस्ट साझा करने तथा @dcjamtara और @Deo_Jamtara को टैग करने का आग्रह किया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे और कोई भी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *