न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 जून 2026 जामताड़ा। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल, जामताड़ा से उत्साहपूर्वक किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की और नवजात शिशुओं को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर जिलेभर में चलने वाले विशेष टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों से अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया।उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी गांवों और पंचायतों में 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले दिन जिले के 937 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई, जबकि 30 ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहकर यात्रा कर रहे बच्चों को भी दवा पिला रही हैं।उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथों तक नहीं पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दूर-दराज के क्षेत्रों तक भी टीमों की पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक अभियान से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि समय पर बचाव नहीं होने पर पोलियो बच्चों को आजीवन दिव्यांगता की ओर धकेल सकता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने बताया कि जिले में इस अभियान के तहत 1,28,055 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के पहले ही दिन 1,17,583 बच्चों को दवा पिलाई गई, जो कुल लक्ष्य का 91.82 प्रतिशत है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगले दो दिनों के डोर-टू-डोर अभियान के बाद शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।इस अवसर पर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से लोगों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
पल्स पोलियो अभियान का आगाज: डीसी आलोक कुमार ने नवजातों को पिलाई जीवन सुरक्षा की दो बूंद, पहले दिन 91.82 फीसदी बच्चों का हुआ टीकाकरण
