न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 31 अगस्त मिहिजाम। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए मिहिजाम नगर परिषद ने शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कवायद शुरू कर दी है। सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में शहर की रोशनी, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय और कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार के अलावा सभी वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।बैठक के दौरान शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को प्रमुखता से उठाया गया। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। पर्व-त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और रात के समय पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए खराब लाइट वाले स्थानों पर नए लाइट लगाने की अनुशंसा की गई है।नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख मार्गों और विभिन्न वार्डों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले कचरे के उचित निस्तारण को लेकर आवश्यक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।वहीं, नगर क्षेत्र के कुछ स्थानों को चिह्नित कर भविष्य की विकास योजनाओं के तहत पेवर ब्लॉक बिछाने का निर्णय लेने की दिशा में चर्चा की गई। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ संबंधित क्षेत्रों की स्थिति में भी सुधार की उम्मीद है।इधर, मिहिजाम स्टेडियम की क्षतिग्रस्त दीवार के संबंध में पूछे जाने पर कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुम्भकार ने बताया कि इस मुद्दे को सोमवार की बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल कर चर्चा नहीं की गई। उन्होंने कहा कि संबंधित संवेदक को पूर्व में ही पत्र के माध्यम से दीवार की स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। साथ ही कनीय अभियंता को स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच करने और टाई बीम देकर दीवार का नए सिरे से निर्माण कराने का निर्देश दिया गया है।बैठक में शहर की मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आगामी दिनों में विभिन्न विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया गया।
त्योहारों से पहले मिहिजाम की व्यवस्था सुधारने पर जोर, स्ट्रीट लाइट से लेकर पेवर ब्लॉक तक बनी योजना

