जामताड़ा के डॉ. दुर्गेश झा का राज्य स्तर पर होगा सम्मान, परिवार नियोजन अभियान में लगातार छठी बार उत्कृष्ट सेवा का मिला गौरव

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गर्व की खबर है। सदर अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक डॉ. दुर्गेश झा को परिवार नियोजन कार्यक्रम में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए एक बार फिर राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर 11 जुलाई 2026 को रांची के बीएनआर चाणक्य होटल में आयोजित राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह में उन्हें सम्मान प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि महिला एवं पुरुष नसबंदी कार्यक्रम के सफल संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान उन्हें लगातार छठी बार मिलने जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और सहियाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जिला अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधकों की भी उपस्थिति रहेगी।मूल रूप से जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के निवासी डॉ. दुर्गेश झा वर्तमान में सदर अस्पताल, जामताड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनकी पहचान केवल एक कुशल सर्जन के रूप में ही नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशील और सेवाभावी चिकित्सक के रूप में भी है। उनका सहज व्यवहार और मरीजों के साथ आत्मीयता उन्हें आम लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय बनाती है।परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत महिला एवं पुरुष नसबंदी ऑपरेशन को सुरक्षित, प्रभावी और सफल ढंग से संचालित करने में डॉ. झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से न केवल कार्यक्रम को गति मिली, बल्कि लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता और विश्वास भी बढ़ा है। यही वजह है कि राज्य सरकार लगातार छठे वर्ष उनके कार्यों को सम्मानित कर रही है।डॉ. दुर्गेश झा की इस उपलब्धि से जामताड़ा स्वास्थ्य विभाग में उत्साह का माहौल है। सहकर्मियों, स्वास्थ्य अधिकारियों और जिले के लोगों ने इसे पूरे जिले के लिए सम्मान और गौरव का विषय बताया है। लोगों का कहना है कि ऐसे समर्पित चिकित्सकों के कारण सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आमजन का भरोसा मजबूत होता है। यह सम्मान न केवल डॉ. झा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जामताड़ा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के उत्कृष्ट कार्यों की भी राज्य स्तर पर पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *