न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, नावाडीह के सहायक शिक्षक एवं विद्यालय सचिव सुभाष दत्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोपहिया वाहनों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से उनका एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल उनका इलाज धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।मिली जानकारी के अनुसार, सुभाष दत्ता शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी बाइक से नारायणपुर से अपने घर नावाडीह लौट रहे थे। इसी दौरान आसाडीह गांव के समीप मुरलीपहाड़ी की दिशा से तेज गति में आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कारण दोनों वाहन चालक सड़क पर गिर पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद पीछे से आ रहा सीमेंट से लदा ट्रक समय रहते नहीं रुक सका और सड़क पर गिरे सुभाष दत्ता उसकी चपेट में आ गए। ट्रक का पहिया उनके पैर पर चढ़ जाने से उनका पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा शरीर के कई हिस्सों में भी उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।स्थानीय लोगों और परिजनों ने बिना देर किए घायल शिक्षक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई और बेहतर इलाज के लिए धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगातार उपचार किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे में शामिल सीमेंट लदे ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। वहीं इस घटना के बाद विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। सभी लोग घायल शिक्षक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
नारायणपुर से घर लौट रहे शिक्षक सड़क हादसे का शिकार, ट्रक की चपेट में आने से पैर बुरी तरह घायल
