न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 1 सितंबर दुर्गापुर। विभिन्न मांगों को लेकर दुर्गापुर एसडीओ कार्यालय के सामने आदिवासी संगठनों का धरना 160 दिनों से अधिक समय से जारी है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इतने लंबे समय से आंदोलन चलने के बावजूद सरकार या प्रशासन की ओर से कोई प्रतिनिधि उनसे वार्ता करने नहीं पहुंचा। इसके विरोध में मंगलवार को आदिवासी संगठनों ने दुर्गापुर से आसनसोल जिला अधिकारी कार्यालय तक करीब 30 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली।पदयात्रा को भीम आर्मी ने समर्थन दिया। संगठन की पश्चिम बंगाल प्रदेश टीम के सदस्य भी जुलूस में शामिल हुए। हाथों में आदिवासी संगठनों के झंडे और नीले झंडे लेकर बड़ी संख्या में लोग पदयात्रा में आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और प्रशासन से तत्काल बातचीत की मांग की।भीम आर्मी के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुशील अंबेडकर ने कहा कि संगठन की अपनी कोई अलग मांग नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की मांगों के समर्थन में वह आंदोलन का हिस्सा बना है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की जमीन ईसीएल परियोजनाओं में गई है, उन्हें रोजगार देने, छात्रावास निर्माण, जमीन का पट्टा, शिक्षा के अधिकार और जंगल से जुड़े अधिकारों सहित कई मुद्दों को लेकर आदिवासी संगठन लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों की समस्याओं पर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। अंबेडकर ने कहा कि भीम आर्मी आदिवासी समाज के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों की लड़ाई में आगे भी सहयोग करती रहेगी।पदयात्रा के कारण रास्ते में लोगों का ध्यान आंदोलन की ओर आकर्षित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य सरकार तक अपनी मांगों को पहुंचाना और प्रशासन को बातचीत के लिए मजबूर करना है। अब देखना होगा कि लंबे समय से चल रहे इस आंदोलन के बाद प्रशासन की ओर से कोई वार्ता या समाधान की पहल होती है या नहीं।
160 दिनों से धरना, अब 30 किमी पैदल मार्च; आदिवासी मांगों को लेकर दुर्गापुर से आसनसोल तक गरजे प्रदर्शनकारी

