आसनसोल में गंदगी फैलाने वालों पर अब कसेगा शिकंजा, खुले में थूकना-पेशाब करना पड़ेगा महंगा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 1 सितंबर आसनसोल। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए आसनसोल नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। राज्य सरकार के निर्देश के बाद निगम ने खुले में थूकने, पेशाब करने, कचरा फेंकने तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल पर जुर्माना लगाने का प्रावधान लागू किया है। नगर निगम की कार्रवाई का उद्देश्य केवल आर्थिक दंड वसूलना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।नगर निगम के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर 100 रुपये, जबकि अन्य उल्लंघनों के लिए 200 से 400 रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है। नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शहर के विभिन्न बोरो क्षेत्रों में रैली, प्रचार और जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।निगम अधिकारियों के मुताबिक सफाईकर्मी नियमित रूप से सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई करते हैं, लेकिन सफाई के कुछ ही समय बाद लोग वहां दोबारा कचरा डाल देते हैं। विशेष रूप से कुछ दुकानदार दुकान से निकलने वाला कचरा, चाय के कप और पॉलिथीन सड़क या नालियों में फेंक देते हैं। इससे नालियां जाम होने के साथ जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी पैदा होता है।अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कई दुकानदारों के खिलाफ पहले ही जुर्माना लगाया जा चुका है। सड़क पर कचरा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई की गई है।दूसरी ओर, खुले में पेशाब करने की समस्या दूर करने के लिए निगम ने शहर के 45 प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया है। इनमें बाजार, पार्किंग क्षेत्र और अधिक भीड़ वाले इलाके शामिल हैं। इन स्थानों पर नए सार्वजनिक शौचालय बनाए जाने की योजना है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।निगम का मानना है कि सख्ती और बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ आसनसोल को स्वच्छ शहर बनाने की मुहिम को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *