न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 1 नवंबर रूपनारायणपुर। सालानपुर ब्लॉक के कालीपाथर मोड़ पर रविवार सुबह कथित गौ-तस्करी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो गायों को अमानवीय तरीके से मालवाहक ऑटो में लादकर ले जाने का विरोध कर रहे स्थानीय युवकों के साथ मारपीट और धमकी देने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।स्थानीय लोगों के मुताबिक, नीले रंग के मालवाहक ऑटो (WB 37 X 2106) में दो गायों को बेहद तंग जगह में बांधकर ले जाया जा रहा था। बताया गया कि इनमें से एक गाय की हालत लगभग बेहोशी जैसी थी। यह देखकर कालीपाथर के कुछ युवकों ने वाहन रोक लिया और चालक से पशुओं के स्रोत, गंतव्य तथा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे।आरोप है कि कागजात दिखाने के बजाय चालक पक्ष ने कुछ अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा और विरोध करने वाले युवकों के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट की गई।इस दौरान कालीपाथर निवासी लालबाबू नामक युवक पर भी धमकी देने का आरोप लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने कथित तौर पर विरोध करने वालों से कहा कि जहां शिकायत करनी है, सीधे ‘बड़े बाबू’ के पास चले जाएं। इस बयान को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। हालांकि, इस कथित धमकी के पीछे किसका संरक्षण है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।आरोप है कि इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर ऑटो सवार लोग गायों को लेकर फरार हो गए।ग्रामीणों का दावा है कि कालीपाथर से हदला तक का मार्ग लंबे समय से संदिग्ध पशु परिवहन के लिए इस्तेमाल हो रहा है। लोगों ने वाहन की पहचान कर गायों को बरामद करने, मारपीट के आरोपों की जांच और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। अब देखना है कि पुलिस इन गंभीर आरोपों पर क्या कदम उठाती है।
गौ-तस्करी का विरोध करने वालों से मारपीट, ‘बड़े बाबू’ के नाम पर धमकी देने का आरोप; कालीपाथर में तनाव
