दुबुर्डीही चेकपोस्ट पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 मवेशियों से भरा ट्रक जब्त; चालक-खलासी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 जुलाई आसनसोल। पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी फांड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दुबुर्डीही चेकपोस्ट पर मवेशियों से लदे एक ट्रक को रोककर बड़ी सफलता हासिल की। जांच के दौरान ट्रक में 15 गोवंश पाए गए। वाहन चालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक और खलासी दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र कुमार और हरेकृष्ण सिंह के रूप में हुई है। दोनों को बुधवार को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अदालत से आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी की है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में लदे मवेशियों को बिहार से कोलकाता ले जाया जा रहा था। हालांकि परिवहन के उद्देश्य और इससे जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर अभी कई सवाल बने हुए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को किस स्थान से लोड किया गया था, उनका वास्तविक गंतव्य क्या था और इस परिवहन के पीछे कौन लोग शामिल हैं।जांच अधिकारी ट्रक के दस्तावेज, परिवहन मार्ग और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रहे हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इस मामले का संबंध किसी संगठित अवैध पशु तस्करी गिरोह से तो नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *