रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट वसूली कांड में बड़ा खुलासा, होटल संचालक गिरफ्तार; जांच की आंच और तेज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 जुलाई आसनसोल। रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर कथित अवैध वसूली मामले की जांच लगातार नई परतें खोल रही है। पहले दो एमवीआई अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने इस मामले में एक स्थानीय होटल संचालक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अभिजीत घोष के रूप में हुई है, जो इलाके में ‘मामा’ नाम से जाना जाता है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात कुल्टी थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर अभिजीत घोष को उसके होटल से हिरासत में लिया। बुधवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी का कथित वसूली नेटवर्क से संबंध हो सकता है और इसी पहलू को लेकर उससे गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने अदालत से उसकी रिमांड की मांग भी की है, ताकि पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।जांच अधिकारियों के अनुसार, रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर लंबे समय से ट्रकों और अन्य वाहनों से अवैध रूप से धन उगाही किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इस मामले में पहले ही दो एमवीआई अधिकारियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब होटल संचालक की गिरफ्तारी से यह संकेत मिल रहे हैं कि कथित नेटवर्क में कई अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है।इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि लंबे समय से कथित वसूली का खेल चल रहा था तो इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे और किसके संरक्षण में यह सब संभव हुआ। पुलिस अब वित्तीय लेनदेन, स्थानीय संपर्कों और अन्य संदिग्ध कड़ियों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष ढंग से जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *