फर्जी पुलिस बनकर रौब झाड़ने वाला दबोचा, हथियार और नकली आईकार्ड समेत कई सामान बरामद

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 जुलाई जामताड़ा। मिहिजाम थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के कानगोई इलाके से खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, पुलिस की वर्दी, फर्जी पहचान पत्र और अन्य संदिग्ध सामान बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कानगोई में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक देशी पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा पुलिस की वर्दी, झारखंड शास्त्र पुलिस, देवघर के नाम से बना एक फर्जी पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी, चाकू और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों को भ्रमित करता था और पुलिस का रौब दिखाकर अपनी पहचान छिपाता था। बरामद फर्जी आईकार्ड और वर्दी से आशंका जताई जा रही है कि वह लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल हो सकता है।फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने फर्जी पहचान पत्र और पुलिस की वर्दी कहां से हासिल की तथा उसके साथ इस गिरोह में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध तो नहीं है और उसने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर कहीं लोगों से ठगी या अन्य वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया।मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *