आश्रम के बाहर पिलर से लटका मिला 27 वर्षीय युवक का शव, इलाके में सनसनी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 31 अक्टूबर रूपनारायणपुर। रूपनारायणपुर के रूपनगर इलाके में शनिवार सुबह एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 27 वर्षीय शांतनु हाजरा के रूप में हुई है। उसका शव रूपनगर के अंतिम छोर पर स्थित एक आश्रम के बाहर निर्माणाधीन हिस्से के पिलर से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार सुबह आश्रम के पास से गुजरने के दौरान उनकी नजर पिलर से लटकते युवक पर पड़ी। हैरानी की बात यह थी कि युवक का चेहरा और सिर प्लास्टिक से ढका हुआ था। इस असामान्य स्थिति को देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बरामद कर चौकी पहुंचाया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शांतनु इलाके में शांत स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाना जाता था। यूथ क्लब से जुड़े लोगों ने बताया कि वह कई बार पुस्तक मेले में सुरक्षा गार्ड के रूप में अपनी सेवाएं दे चुका था। इसके अलावा क्षेत्र के कई फार्मेसी संचालकों से भी उसका परिचय था। पिछले कुछ महीनों से वह रूपनगर स्थित एक स्वास्थ्य संस्थान के फार्मेसी विभाग में काम कर रहा था।अविवाहित शांतनु अपनी मां के साथ सीमांतपल्ली की एक बहुमंजिला इमारत में रहता था। परिवार के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। उसकी मां फिलहाल बेटे की मौत के पीछे की वजह को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पा रही हैं।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शांतनु दिवंगत गणा हाजरा का पुत्र था। फिलहाल इसे अस्वाभाविक मौत का मामला मानकर जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *