न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर जामताड़ा। जिले के मुरलीपहाड़ी स्थित फ्लिपकार्ट के गोदाम को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने गोदाम के पिछले हिस्से में सेंधमारी कर 10 से अधिक मोबाइल फोन, करीब एक लाख रुपये नकद समेत कई अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी कैमरों की तार उखाड़ दी और डीवीआर को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी करतूत कैमरे में कैद न हो सके।घटना का खुलासा शनिवार सुबह उस समय हुआ, जब गोदाम के कर्मचारी काम पर पहुंचे। गोदाम के ऑफिस इंचार्ज कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि सुबह पहुंचने पर उन्होंने देखा कि गोदाम की लाइट बंद थी, जबकि सामान्य दिनों में ऐसा नहीं होता है। संदेह होने पर जब सीसीटीवी सिस्टम की जांच की गई तो डीवीआर पूरी तरह तहस-नहस मिला। इसके बाद गोदाम के पिछले दरवाजे की ओर जाने पर सेंधमारी का पता चला। चोरों ने सेंधमारी वाले हिस्से को बोरे से ढक रखा था।घटना की जानकारी आसपास के ग्रामीणों को देने के बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुरलीपहाड़ी टीओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और नारायणपुर थाना को घटना से अवगत कराया। करीब एक घंटे बाद नारायणपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।इंचार्ज के अनुसार, गोदाम में रखे मोबाइल के पैकेट खोलकर फोन निकाले गए हैं। चोरी गए मोबाइलों में रेडमी, ओप्पो और मोटोरोला समेत विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। इसके अलावा काउंटर में रखे लगभग एक लाख रुपये नकद भी गायब मिले। अन्य सामानों की चोरी भी हुई है।वहीं, थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मुरलीपहाड़ी में फ्लिपकार्ट गोदाम पर चोरों का धावा, 10 से अधिक मोबाइल और एक लाख रुपये नकद उड़ाए
