छठ महापर्व को लेकर वार्ड 15 में विशेष तैयारी, रामनगर तालाब का घाट चकाचक; व्रतियों के लिए होगी खास व्यवस्था

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 7 नवंबर मिहिजाम। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 15 के कंगोई स्थित रामनगर तालाब में छठ पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। तालाब और छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई का काम भी पूरा कर लिया गया है। शनिवार को वार्ड पार्षद किरण देवी ने घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उनके प्रतिनिधि रंजीत प्रसाद ठाकुर भी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद किरण देवी ने बताया कि दीपावली से पहले ही छठ घाट की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा करा लिया गया है। तालाब से जमा गाद, कचरा और अन्य गंदगी हटाकर घाट को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया है, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। घाट की तैयारी में स्थानीय युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर व्रतियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। घाट पर पान, सुपारी, अगरबत्ती और गाय के दूध की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा रोशनी, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षा के भी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।वार्ड पार्षद ने वार्ड के लोगों से अपील की कि छठ पूजा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और तालाब में कचरा नहीं डालें। उन्होंने कहा कि छठ केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, स्वच्छता और आपसी सहयोग का भी प्रतीक है। सभी वार्डवासी मिल-जुलकर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में महापर्व मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *