न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त मिहिजाम। गोवाकोला गांव स्थित तालाब में नहाने के दौरान डूबने से करीब 32 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक की पहचान तलवड़िया गांव निवासी मंगल राय, पिता किशन राय के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार मंगल राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया गया कि वह गोवाकोला स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलने के बाद बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।सूचना मिलने पर मिहिजाम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।मंगल राय की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाइयों तुलसी राय और तरुण राय ने बताया कि मंगल की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उसके परिवार में एक नवजात बेटी है, जिसके जन्म को महज 21 दिन ही हुए हैं।परिजनों के अनुसार मंगल ही परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी असमय मौत से पत्नी और मासूम नवजात बच्ची के सामने जीवन-यापन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। एक ओर जहां परिवार नवजात के आगमन की खुशियां मना रहा था, वहीं महज 21 दिन बाद हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
नहाने के दौरान तालाब में डूबा मजदूर, नवजात बेटी को छोड़ गया मंगल राय; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

