न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 अक्टूबर जामताड़ा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। मिहिजाम के शहरडाल में गुरु हड़ाम रेणु मुर्मू के नेतृत्व में शोकसभा आयोजित कर दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की।शोकसभा की शुरुआत उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर की। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद रूपी सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए। लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन और सामाजिक योगदान को याद किया।मौके पर गुरु हड़ाम रेणु मुर्मू ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन एक परिवार के लिए निजी क्षति होने के साथ-साथ समाज के लिए भी अपूरणीय कमी है। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन ने अपने जीवन में सादगी, ममता, पारिवारिक संस्कार और सामाजिक मूल्यों को विशेष स्थान दिया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।उन्होंने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि केवल स्मरण करने से नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और सीख को अपने जीवन में उतारने से मिलती है। समाज को एकजुटता और आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ना ही उनके प्रति वास्तविक सम्मान होगा।शोकसभा में भारतेंदु मुर्मू, इम्तियाज खान, मुरारी प्रसाद, हरिहर साव, लखन किस्कू, नरेंद्र टुडू, नेहरू सोरेन, रवि नाथ सोरेन, जोगोती मुर्मू, जियोनी सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रूपी सोरेन के निधन पर शहरडाल में शोकसभा, सादगी और संस्कारों को किया याद
