ग्रामसभा में 50 से अधिक लोग थे मौजूद, तभी गिरी आकाशीय बिजली; पंचायत भवन में शॉर्ट सर्किट से जले उपकरण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अगस्त जामताड़ा। शनिवार को मूसलाधार बारिश के बीच हुई तेज गर्जना और वज्रपात ने जियाजोरी पंचायत भवन और उत्क्रमित मध्य विद्यालय में अफरा-तफरी मचा दी। पंचायत भवन के समीप से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार वाले खंभे पर वज्रपात होने के बाद तेज झटके से पंचायत भवन के विद्युत तंत्र में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे भवन में लगे कई विद्युत उपकरण जल गए, जबकि बिजली का मीटर भी दीवार से उखड़कर जमीन पर जा गिरा।बताया गया कि घटना के वक्त जियाजोरी पंचायत भवन में विशेष ग्रामसभा का आयोजन चल रहा था। ग्रामसभा में 50 से अधिक लोग मौजूद थे। अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात होने और विद्युत उपकरणों में शॉर्ट सर्किट से वहां मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत भवन के बेहद करीब से 11 हजार वोल्ट का विद्युत तार गुजरता है। वज्रपात के झटके का असर इतना तेज था कि पंचायत भवन का मीटर अपने स्थान से उखड़कर नीचे गिर गया और अंदर लगे विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए विद्युत आपूर्ति को लेकर सतर्कता दिखाई।वहीं, पंचायत भवन के समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय जियाजोरी भी वज्रपात के प्रभाव से अछूता नहीं रहा। यहां भी आकाशीय बिजली के झटके से विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है।एक ही क्षेत्र में पंचायत भवन और विद्यालय के विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में चिंता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था और उपकरणों की जांच कराने तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। घटना में किसी की जान नहीं जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *