जामताड़ा कॉलेज और रेलवे स्टेशन के पास तंबाकू दुकानों पर छापेमारी, पांच विक्रेताओं पर कार्रवाई

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर इसके प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने के उद्देश्य से जामताड़ा में गुरुवार को विशेष छापामारी अभियान चलाया गया। सिविल सर्जन जामताड़ा के निर्देश पर राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की टीम ने जामताड़ा कॉलेज और रेलवे स्टेशन के आसपास संचालित तंबाकू उत्पाद की दुकानों की जांच की।अभियान का नेतृत्व जिला सलाहकार डॉ. सर्वीना सिन्हा, जामताड़ा थाना के सब इंस्पेक्टर एमबी बारा और एसके रजक ने किया। इस दौरान कुल 12 दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में पांच दुकानदारों द्वारा तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। संबंधित दुकानदारों से जुर्माने के रूप में कुल 2,100 रुपये की राशि वसूल की गई।जांच के दौरान कुछ दुकानों पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों के प्रचार से जुड़े पोस्टर भी लगे मिले। टीम ने ऐसे पोस्टरों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाकर दो दुकानों से विज्ञापन पोस्टर हटवाए। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन वाले पोस्टर लगाकर बिक्री करना कानून का उल्लंघन है और ऐसी स्थिति में COTPA-2003 की धारा 5 के तहत कार्रवाई की जा सकती है।जिला सलाहकार डॉ. सर्वीना सिन्हा ने दुकानदारों को तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रावधानों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्कूल, अस्पताल और सरकारी भवनों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।अभियान के दौरान लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और कानून के प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *