दुर्गापूजा में गांव गए मकान मालिक, पीछे से घर में सेंधमारी; सोने के गहने और 50 हजार नकद गायब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 22 अक्टूबर जामताड़ा। शहर के साइडिंग रोड में दुर्गापूजा के दौरान बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर बाउंड्री तोड़कर घर में दाखिल हुए और सोने की चेन, पांच अंगूठियां, करीब 50 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में चोरी की इस वारदात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।जानकारी के मुताबिक, साइडिंग रोड निवासी मकान मालिक अरनव साधु दुर्गापूजा के अवसर पर अपने गांव घसनिया गए हुए थे। इसी दौरान उनके बंद मकान में चोरी की योजना को अंजाम दिया गया। घर की सुरक्षा के लिए रखवाली करने वाला व्यक्ति बुधवार रात करीब 11 बजे जब मकान पर पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गया। मकान की बाउंड्री टूटी हुई थी। जांच करने पर पता चला कि चोर घर के भीतर घुसकर सामान पर हाथ साफ कर चुके हैं।इसके बाद घटना की सूचना संबंधित लोगों को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर मकान से सोने की एक चेन, पांच अंगूठियां और लगभग 50 हजार रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। हालांकि, चोरी गए सभी सामानों और कुल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाना बाकी है।घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मकान का निरीक्षण कर चोरी से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। साथ ही मकान मालिक से भी घटना के संबंध में पूछताछ की गई।पुलिस मामले की जांच में जुटी है। चोरों ने किस तरह घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम देने के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इन बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। फिलहाल चोरी की घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *