न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अक्टूबर सालानपुर। दुर्गापूजा की रौनक के बीच सूने घरों को निशाना बनाने वाले चोरों ने शिरीषबेड़िया इलाके में एक बुजुर्ग दंपति के घर हाथ साफ कर दिया। खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में घुसे बदमाश नकदी, सोने के आभूषण और महंगी साड़ियां लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, सालानपुर थाना क्षेत्र के शिरीषबेड़िया निवासी शिवप्रसाद मुखर्जी और उनकी पत्नी दुर्गापूजा के दौरान घर में ताला लगाकर कोलकाता स्थित अपने बेटे के घर गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। गुरुवार दोपहर घर लौटने पर दंपति को चोरी की जानकारी मिली। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और खिड़की की ग्रिल टूटी हुई थी।गृहस्वामिनी कना मुखर्जी के मुताबिक, चोरों ने घर की दो अलमारियों को खंगाल डाला। वहां रखे करीब पांच से छह भर सोने के गहने, डेढ़ लाख रुपये नकद और कुछ महंगी नई साड़ियां गायब मिलीं। आशंका है कि बदमाश खिड़की की ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर निकल गए।घटना की खबर मिलने पर बांकुड़ा से पहुंची उनकी बेटी नबनिता चट्टोपाध्याय ने बताया कि माता-पिता दोनों बुजुर्ग हैं और घर में अकेले रहते हैं। उनके अनुसार, मास्टर बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे काफी मशक्कत के बाद खोला गया। कमरे में अलमारी टूटी हुई मिली।परिवार को आशंका है कि वारदात में घर की गतिविधियों से परिचित किसी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।सूचना मिलने पर सालानपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बेटी ने बुजुर्ग माता-पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं के बीच उन्हें अकेला कैसे छोड़ा जाए। पूजा के दौरान हुई इस चोरी ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
दुर्गापूजा में बंद घर पर चोरों का धावा, ग्रिल काटकर डेढ़ लाख नकद और पांच भर सोने के गहने उड़ाए
