न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 22 अक्टूबर सालानपुर। विजयादशमी के दिन दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद पीठाकेयारी इलाके में तनाव का कारण बन गया। मामूली कहासुनी के बाद दो परिवारों के बीच विवाद गहरा गया। एक पक्ष ने घर के गेट, कार के शीशे और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के साथ मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए तोड़फोड़ में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है।शिकायतकर्ता अर्णब घोष, पूर्व प्रधान असीम कुमार घोष के पुत्र हैं। उनके अनुसार, विजयादशमी के दिन दुर्गा मंदिर के सामने उनकी कार (WB38C0099) खड़ी करने को लेकर सौरभ घोष उर्फ सोमू के साथ कहासुनी हुई थी। अर्णब का आरोप है कि रात करीब 10 बजे घर लौटने के बाद पिता की डांट को लेकर गलतफहमी पैदा हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।अर्णब ने आरोप लगाया कि सौरभ घोष और उज्ज्वल कुमार घोष के नेतृत्व में करीब 30 से 35 युवक उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान घर का गेट, सीसीटीवी कैमरा और कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पिता की शर्ट फाड़ दी गई। अर्णब ने घटना को पारिवारिक विवाद का परिणाम बताते हुए राजनीतिक कारणों से इनकार किया है। इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दी गई है।दूसरी ओर, सौरभ घोष उर्फ सोमू ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विसर्जन के बाद छत से उनके परिवार और मोहल्ले के लोगों को लेकर आपत्तिजनक गालियां दी जा रही थीं। उन्होंने कार में तोड़फोड़ करने से इनकार किया और अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को झूठा बताया।घटना की सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर चौकी के प्रभारी मौके पर पहुंचे और स्थिति संभाली। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि विवाद और कथित तोड़फोड़ की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
विजयादशमी की रात पार्किंग विवाद ने पकड़ा तूल, पीठाकेयारी में दो पक्ष आमने-सामने; गेट और कार के शीशे तोड़ने का आरोप
