एसआईआर रिपोर्ट में एक ही गृह संख्या पर अलग-अलग समुदायों के नाम, भाजपा ने उठाए सवाल, प्रशासन ने कहा- होगा सुधार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 10 सितंबर जामताड़ा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जामताड़ा में सियासी बहस तेज हो गई है। भाजपा ने SIR की प्रकाशित रिपोर्ट में कथित विसंगतियों का हवाला देते हुए जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण और भाजपा नेता सह बीएलए-1 हरिमोहन मिश्रा ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की दोबारा निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।भाजपा नेताओं ने जामताड़ा नगर के भाग संख्या 243, गृह संख्या-1 का उदाहरण देते हुए दावा किया कि एक ही गृह संख्या के अंतर्गत अलग-अलग समुदायों के लोगों के नाम दर्ज हैं। उनके मुताबिक सीरियल नंबर 14 पर शेख नसीम, 55 पर विजय सोरेन और 48 पर कौशिक तिवारी का नाम दर्ज है। भाजपा ने सवाल किया कि एक ही गृह संख्या में इन नामों को दर्ज करने के दौरान किस प्रक्रिया का पालन किया गया।जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने गृह संख्या-0 पर दर्ज मतदाताओं को लेकर भी सत्यापन की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है। भाजपा ने पूर्व में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से जामताड़ा में करीब 14 हजार आदिवासी मतदाताओं के नाम हटाए जाने संबंधी आरोपों का भी उल्लेख किया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि कई मतदाताओं को अनुपस्थित या शिफ्टेड बताया गया है।हरिमोहन मिश्रा ने SIR के दौरान तत्कालीन जिला निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार के स्थानांतरण और कयूम अंसारी की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए तथा प्रक्रिया पर राजनीतिक प्रभाव का आरोप लगाया।हालांकि, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रकाशित रिपोर्ट अंतिम नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सुधार किया जाएगा। अधिकारियों से आवश्यक निर्देश प्राप्त हुए हैं और जल्द ही संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच के बाद संशोधित रिपोर्ट प्रकाशित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *