बेवा फाटक पर टकराईं दो बाइकें, एक की मौत से मचा कोहराम; तीन घायल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 20 अगस्त जामताड़ा। जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के समीप गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस की मदद से जामताड़ा सदर अस्पताल भिजवाया।बताया जाता है कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल जामताड़ा से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। बेवा फाटक के पास पहुंचते ही सामने से आ रही बाइक से उनकी मोटरसाइकिल की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि उत्पल को सिर सहित शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. अताउल ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।हादसे में दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के सिर में चोट लगी है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर करने की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने सदर अस्पताल में ही इलाज जारी रखने का निर्णय लिया।परिजनों ने बताया कि उत्पल मंडल रात के समय नाइट गार्ड की नौकरी करते थे और दिन में फेरी लगाकर परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करते थे। उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई भी पूरी की गई।वहीं जामताड़ा-दुमका मार्ग पर भी एक अन्य सड़क हादसे में बाइक अनियंत्रित होने से मनोज मुर्मू और श्रीराम बास्की के घायल होने की सूचना है। दोनों का इलाज जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *