न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 जुलाई 2026 जामताड़ा। कुंडहित पुरातन प्रखंड परिसर में जले हुए बिजली ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया 200 केवीए ट्रांसफार्मर स्थापित कर शनिवार को विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। इसके साथ ही पिछले पांच दिनों से बिजली संकट झेल रहे कुंडहित बाजार और नापित टोला के 305 से अधिक उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद क्षेत्र में फिर से सामान्य बिजली आपूर्ति शुरू हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व आकाशीय बिजली गिरने से पुराना 200 केवीए ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके कारण कुंडहित बाजार, नापित टोला और आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। उमस भरी गर्मी के बीच लगातार पांच दिनों तक बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल, घरेलू कार्यों, छोटे व्यवसायों और दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।बिजली संकट से परेशान स्थानीय उपभोक्ताओं ने अपनी समस्या विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो तक पहुंचाई। शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता से तत्काल संपर्क किया और जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उनके हस्तक्षेप के बाद जामताड़ा बिजली उपकेंद्र से 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया और तकनीकी टीम ने शनिवार को उसे स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी।झामुमो कार्यकर्ता संतोष सिंहा ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने ग्रामीणों की परेशानी को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाया। इसी का परिणाम रहा कि मात्र 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी हुई और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो सकी। उन्होंने कहा कि समय पर हुई इस पहल से सैकड़ों परिवारों को बड़ी राहत मिली है।नया ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए विधानसभा अध्यक्ष और बिजली विभाग के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बहाल होने से अब पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, व्यापारिक गतिविधियां और बच्चों की पढ़ाई फिर से सामान्य हो सकेगी।इस अवसर पर नयन मंडल, बरुण मंडल, जगन्नाथ कर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इसी तरह त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना न करना पड़े।
पांच दिन के अंधेरे का हुआ अंत: कुंडहित में 200 केवीए ट्रांसफार्मर लगा, 300 से अधिक उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत
