न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 मई 2026 मिहिजाम। मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद घर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के अंदर से 38 वर्षीय लक्ष्मण राम का सड़ा-गला शव बरामद किया। मृतक स्वर्गीय केशव राम के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 12 बजे आसपास रहने वाले लोगों को लक्ष्मण राम के घर से पिछले कई दिनों से लगातार दुर्गंध महसूस होने लगी। पहले लोगों ने इसे सामान्य समझा, लेकिन जब शनिवार को तेज दुर्गंध मृतक के घर से आने लगा तब पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों और मिहिजाम थाना पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। कमरे में लक्ष्मण राम का शव पड़ा हुआ था, जिसकी हालत बेहद खराब हो चुकी थी। शव काफी दिनों पुराना प्रतीत हो रहा था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे। दुर्गंध इतनी तेज थी कि आसपास खड़े लोगों का वहां टिकना मुश्किल हो रहा था।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास आनंद लागूरी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लक्ष्मण राम घर में अकेले रहते थे और पिछले कई दिनों से उन्हें इलाके में नहीं देखा गया था। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।मिहिजाम पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल रहस्यमयी मौत को लेकर पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बंद कमरे से मिला सड़ा-गला शव, अंबेडकर नगर में फैली दहशत; मौत बनी रहस्य
