मैया सम्मान और पेंशन योजनाओं के सत्यापन को लेकर जामताड़ा में बड़ी पहल, वार्ड स्तर पर शुरू होगी जांच प्रक्रिया

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 9 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा अंचल क्षेत्र के शहरी इलाकों में संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों के भौतिक सत्यापन को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। नगर पंचायत जामताड़ा और मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का सत्यापन अब वार्ड स्तर पर किया जाएगा। इस संबंध में अंचल कार्यालय की ओर से वार्ड पार्षदों और आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें वार्डवार लाभुकों की सूची भी सौंप दी गई।बैठक में उपस्थित अंचलाधिकारी अविश्वर मुर्मू ने बताया कि मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के अंतर्गत कुल 11,432 लाभुकों का सत्यापन किया जाना है। वहीं केंद्र प्रायोजित पेंशन योजना के 1,493 लाभार्थियों तथा राज्य सर्वजन पेंशन योजना के 6,239 लाभुकों का भी भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। सभी लाभुकों का सत्यापन बेनिफिशरी सत्यापन ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप में किया जाएगा, जिसमें डीएलसी यानी डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट भी अनिवार्य रूप से अपडेट किया जाएगा।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सत्यापन कार्य 25 मई 2026 तक पूरा कर संबंधित दस्तावेज अंचल कार्यालय में जमा करना होगा। इस कार्य में वार्ड पार्षदों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और अंचल कर्मियों की अहम भूमिका तय की गई है, ताकि योजनाओं का लाभ सही और पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे।बैठक में मिहिजाम नगर परिषद की अध्यक्ष जयश्री देवी के अलावा अंचल कार्यालय जामताड़ा के कम्प्यूटर ऑपरेटर सुनील कुमार महतो, रविन्द्र कुमार सैनी, मिहिजाम नगर परिषद एवं जामताड़ा नगर पंचायत के वार्ड पार्षद तथा अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की मंशा पारदर्शिता बनाए रखने और अपात्र लाभुकों को चिन्हित करने की है।मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना के लिए अपवर्जन मानकों की भी जानकारी दी गई। इसके अनुसार सरकारी नौकरी, पेंशनधारी परिवार, पूर्व या वर्तमान सांसद-विधायक से जुड़े परिवार, आयकर दाता, ईपीएफ खाताधारी महिलाएं तथा पहले से अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ ले रहे लाभुक इस योजना के लिए पात्र नहीं माने जाएंगे।प्रशासन ने सभी संबंधित लोगों से समय पर सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने और सहयोग करने की अपील की है, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *