जनसरोकारों को लेकर सीपीआईएम का मंथन, पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि और पेपर लीक पर केंद्र सरकार को घेरा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 17 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा स्थित सीपीआईएम पार्टी कार्यालय में रविवार को जिला कमेटी सदस्य अशोक कुमार भंडारी की अध्यक्षता में पार्टी की विस्तारित जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत दिवंगत नेताओं की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद संगठनात्मक एवं जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में जिला कमेटी के प्रभारी सचिव संजय मेहता ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए हाल के कार्यक्रमों की समीक्षा की और सफल आयोजन में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं की सराहना की। चर्चा के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।बैठक में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि महंगाई की मार से आम उपभोक्ता परेशान हैं और इसका सीधा असर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। साथ ही नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर भी केंद्र सरकार को कठघरे में खड़ा किया गया।इसी क्रम में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 मई की शाम पांच बजे जामताड़ा के सुभाष चौक पर नुक्कड़ सभा आयोजित कर जनता के बीच इन मुद्दों को उठाया जाएगा। बैठक में जिले में हाल के दिनों में बढ़ी असामाजिक घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। कोर्ट परिसर स्थित बिरसा मुंडा प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने और गांधी मैदान स्थित शिव-पार्वती मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए। पार्टी नेताओं ने दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की।बैठक में किसानों की सिंचाई समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि अजय बराज परियोजना बने लगभग 50 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आज तक नहरों के आसपास के किसानों को सिंचाई का समुचित लाभ नहीं मिल पाया। इसे लेकर पदयात्रा और ग्रामीण जागरूकता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई।इसके अलावा जामताड़ा में पीपीपी मोड पर प्रस्तावित अस्पताल निर्माण का विरोध करते हुए नेताओं ने आशंका जताई कि इससे स्वास्थ्य सेवाएं निजी हाथों में चली जाएंगी और गरीबों की पहुंच से बाहर हो जाएंगी। इस मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए सिविल सर्जन के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।बैठक में सुजीत कुमार माजी, लखन लाल मंडल, चंडी दास पुरी, गौर सोरेन, इब्राहिम अंसारी, सचिन राणा, मोहन मंडल, अनूप सरखेल, तरुण दास एवं दुबराज भंडारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *