न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 जुलाई 2026 जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही जामताड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी में किया जा रहा था।पुलिस के अनुसार, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सबसे पहले करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ गांव में छापेमारी की। यहां से राज कुमार मंडल (19) को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके बाद लकरटांगा गांव में की गई दूसरी कार्रवाई में सोनू कुमार मंडल (30) और बंटी कुमार सेन (28) को हिरासत में लिया गया।जांच में सामने आया कि राज कुमार मंडल लोगों के व्हाट्सएप पर आरटीओ ई-चालान के नाम से फर्जी एपीके फाइल भेजता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, उसके मोबाइल की गोपनीय जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंच जाती। इसके बाद ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से खातों से रकम उड़ाने का खेल शुरू हो जाता था।वहीं, सोनू कुमार मंडल और बंटी कुमार सेन लोगों को फोन कर खुद को टेलीकॉम कंपनी का प्रतिनिधि बताते थे। वे जियो सिम बंद होने का डर दिखाकर रिचार्ज या केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर लोगों से बैंकिंग और ओटीपी संबंधी जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देते थे।पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी बंटी कुमार सेन पहले भी साइबर ठगी के एक मामले में आरोपपत्रित है। उसके खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 69/24 दर्ज है।इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 41/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था और वे अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी करते थे। बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की फॉरेंसिक जांच कर इनके अन्य साथियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल या संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को दें।
जामताड़ा पुलिस का साइबर ठगों पर बड़ा प्रहार, फर्जी ई-चालान और जियो सिम बंद होने का झांसा देकर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
