त्योहारों पर सुरक्षा का पहरा सख्त, बाजारों में उतरे एसपी; चप्पे-चप्पे पर नजर रखने का निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 नवंबर जामताड़ा। धनतेरस, दीपावली और कालीपूजा के मद्देनजर जामताड़ा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और संभावित आपराधिक घटनाओं को देखते हुए गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल करने सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर के प्रमुख बाजारों का दौरा कर व्यापारिक प्रतिष्ठानों और खासकर आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने दुकानदारों और स्थानीय व्यवसायियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं और जरूरतों को समझते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान बीट पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की तैनाती तथा उनकी जिम्मेदारियों की भी समीक्षा की गई।एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में पुलिस की मौजूदगी प्रभावी रूप से दिखाई देनी चाहिए। संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही टाइगर मोबाइल और सीसीआर गश्ती दलों को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने को कहा गया, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके।बाजार भ्रमण के बाद एसपी जिला नियंत्रण कक्ष (सीसीआर) पहुंचे। यहां उन्होंने सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था की जांच की और त्योहारों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को कैमरों के जरिए बाजारों एवं प्रमुख स्थानों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।इसके अलावा गश्ती दलों की सक्रियता की नियमित समीक्षा, आम नागरिकों से मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई और महत्वपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी वरीय अधिकारियों तक तत्काल पहुंचाने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ वसीम रजा, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, पुलिस निरीक्षक अब्दुल रहमान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *