न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 6 नवंबर मिहिजाम। धनतेरस, दीपावली, कालीपूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जामताड़ा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस को सतर्क रहने और लगातार गश्त करने का आदेश दिया गया है। इसी अभियान के तहत धनतेरस के दिन मिहिजाम पुलिस ने शहर में बाइक मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान और टाइगर मोबाइल के कर्मी शामिल हुए। पुलिस का काफिला इंदिरा चौक, स्टेशन रोड, मेन रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया तथा आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मिहिजाम पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने स्वयं जिला मुख्यालय के बाजारों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया था। उन्होंने जिलेवासियों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की थी। इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।
त्योहारों पर सुरक्षा का पहरा सख्त, मिहिजाम की सड़कों पर उतरी पुलिस; निकाला बाइक मार्च
